भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने अशोक गहलोत के बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि कांग्रेस ने आजादी के पहले भी देश को बांटने का काम किया और आजादी के बाद भी धर्म के आधार पर देश को बांट रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश के 140 करोड़ देशवासियों को अपना परिवार मानकर ‘‘एक रहेंगे तो सेफ रहेंगे‘‘ का संदेश दे रहे है, तो विपक्ष को इसमें दिक्कत क्या है ? यह समझ से परे है। अगर देशवासी बटेंगे तो निश्चित रूप से राष्ट्र को हानि होगी। अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के इस संदेश को कौन किस नजरिये से देख रहा है, यह उस पर निर्भर करता है सबका नजरिया अलग-अलग रहता है। भाजपा का नजरिया स्पष्ट है कि एक रहेंगे तो देश की एकता सुदृढ़ होगी और देश सुरक्षित रहेगा।
वहीं दूसरी ओर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने भाजपा प्रदेश कार्यालय में कोटपूतली बहरोड के गोरधनपुरा निवासी पर्वतारोही रितिका यादव का एवरेस्टबेस कैंप की 18591 फीट की ऊंचाई पर तिरंगा फहराने पर सम्मान किया। इस दौरान मदन राठौड़ ने रितिका यादव को साफा और दुपट्टा पहनाया और उज्जवल भविष्य की कामना की। इस दौरान भाजपा प्रदेश कार्यालय प्रभारी मुकेश पारीक, प्रदेश कार्यालय सह प्रभारी भवानी शंकर शर्मा, रजनीश चनाना, पूर्व मीडिया संयोजक विमल कटियार, चिकित्सा प्रकोष्ठ प्रदेश संयोजक डॉ. अशोक यादव उपस्थित रहे।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि राजधानी जयपुर में एक वर्ग विशेष के मौलवी गहलोत के सामने कह रहे थे कि हम सड़कों पर उतर आए तो रूह काप जाएगी और गहलोत ने इसका विरोध नहीं किया। 15 मिनट पुलिस हटा दो जैसे बयान पर गहलोत और कांग्रेसी नेताओं ने प्रतिक्रिया नहीं दी। ऐसे में इन लोगों को भाजपा के ‘‘एक रहेंगे तो सेफ रहेंगे‘‘ पर आपत्ति हो रही है। किसी भी राजनेता को इस तरह की हरकत शोभा नहीं देती। हमें उनके पढ़ोंगे तो आगे बढ़ोंगे के नारे से कोई दिक्कत नहीं है, हम इसे स्वीकार करते है लेकिन उन्हें हमारे देशवासियों के एक रहने से ऐतराज क्यों है ? यह विरोध कांग्रेसी नेताओं की मानसिकता को दर्शाता है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि उपचुनावों में मैंने कार्यकर्ताओं के साथ प्रत्येक बूथ एवं मंडल पर जाकर देखा है, इसलिए में सात में से सात सीटों पर जीत के दावें कर रहा हूं। विपक्ष कुछ बूथ या एक दो विधानसभा क्षेत्र में गए, इस लिए उन्हें वहां की रिपोर्ट मिली। राठौड़ ने कहा कि भाजपा में सदस्यता अभियान और चुनाव अभियान सतत प्रक्रिया है। भाजपा सदस्यता अभियान के बाद बूथ समिति का चुनाव होगा, इसके बाद मंडल और फिर जिला अध्यक्ष का चुनाव होगा। इसके बाद प्रदेश अध्यक्ष के लिए भी चुनाव होगा। यह सतत प्रक्रिया है। भाजपा में प्रत्येक कार्यकर्ता को काम मिलेगा और प्रत्येक काम के लिए कार्यकर्ता भी होगा।