स्वामी विवेकानंद विचार संस्थान द्वारा स्वामी विवेकानंद जयंती के उपलक्ष में युवा दिवस समारोहपूर्वक मनाया गया। संस्थान के अध्यक्ष गिरिराज गुप्ता ने बताया कि इस अवसर पर संस्थान द्वारा ट्रक यूनियन के पीछे कर्णेश्वर योजना में वन विभाग की भूमि पर 162 बड़े पौधे लगाए गए। इस अवसर पर समारोह का भी आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि शिक्षा एवं पंचायतीराज मंत्री मदन दिलावर, अध्यक्षता कोटा दक्षिण विधायक संदीप शर्मा, विशिष्ट अतिथि लाडपुरा विधायक कल्पना देवी, विशिष्ट अतिथि कोटा दक्षिण नगर निगम के नेता प्रतिपक्ष विवेक राजवंशी रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा स्वामी विवेकानंद एवं भारतमाता के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्जवलन कर किया गया।
प्रारंभ में स्वामी विवेकानंद विचार संस्थान के अध्यक्ष गिरिराज गुप्ता ने कहा कि संस्था द्वारा इस क्षेत्र में छह महीने पूर्व जुलाई माह से लगभग 500 पौधे लगाए गए थे, जिसमें से 95 प्रतिशत पौधे चल रहे हैं। उन्होंने कहा कि संस्थान द्वारा जनसहयोग से इस क्षेत्र को हरा-भरा बनाने का संकल्प लिया है। उन्होंने बताया कि स्वामी विवेकानंद की 162वीं जयंती पर 162 पौधे आज यहां लगाए गए हैं। इसके लिए एक मीटर चौड़ा और एक मीटर गहरे गड़ढ़े करवाए गए हैं। इन पौधों की पूरी देखभाल संस्थान द्वारा की जाएगी। इस अवसर पर मुख्य अतिथि शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर ने कहा कि धरती और गाय दोनों ही हमारी माता है और हम प्लास्टिक थैलियों और डिस्पोजल का उपयोग कर जाने-अनजाने मंे ही पाप कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्लास्टिक की वजह से हम और हमारी बच्चे कैंसर जैसी लाइलाज बीमारियों का शिकार हो रहे हैं। खेतों में रसायन और पेस्टीसाइड के उपयोग से धरती बंजर हो रही है, इसे बचाने के लिए गाय का गोबर चाहिए और गोबर गाय से ही मिलता है, इसलिए हमें गायों को बचाना होगा। इसके लिए हमें फिर से पुरानी परंपरा के अनुरूप गांवों में गायों को चराने के लिए चरवाहे रखने चाहिए। उन्होंने कहा कि हमारे प्रदेश में 472 पेड़ प्रति व्यक्ति होने चाहिए, लेकिन अभी प्रति व्यक्ति 20 पेड़ की हैं, उन्होंने आमजन से अधिक से अधिक पेड़ लगाने का आह्रान किया। साथ ही उन्हांेने आमजन से डिस्पोजल के उपयोग को बंद करने के लिए बर्तन बैंक बनाने का भी आह्रान किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे कोटा दक्षिण के विधायक संदीप शर्मा ने स्वामी विवेकानंद विचार संस्थान द्वारा अधिक से अधिक पेड़ लगाने और उनकी देखभाल करने के संकल्प और अभियान की सराहना की। उन्होंने कहा कि संकल्प बड़ा है, लेकिन विश्वास है कि इससे पूरा क्षेत्र हरियाली से आच्छादित हो जाएगा। विशिष्ट अतिथि लाडपुरा विधायक कल्पना देवी ने कहा कि स्वामी विवेकानंद के विचार आज भी प्रासंगिक हैं, यदि युवा अपने लक्ष्य को पहचानकर सही दिशा में आगे बढ़ें तो उन्हें सफलता जरूर मिलेगी, और इससे समाज, देश दुनिया में तरक्की संभव होगी। यदि युवा सशक्त होगा तो देश भी सशक्त बनेगा। और हमारा विकसित भारत का सपना भी जल्द ही पूरा हो जाएगा। कार्यक्रम का संचालन राजेन्द्र गौड़ ने किया। अन्त में महासचिव धवल सिंघल ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया। इस मौके पर मुख्य रूप से भाजपा नेता नेता खण्डेलवाल, सुरेश मित्तल, पर्यावरणविद बृजेश विजयवर्गीय, शिक्षाविद् प्रकाश जायसवाल, ललित शर्मा समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।