भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने नई दिल्ली में अपने आवास पर मीडिया से वार्ता करते हुए मंत्री किरोडी लाल मीणा के नोटिस पर प्रतिक्रिया दी। राठौड़ ने कहा कि भाजपा का संगठनात्मक ढ़ांचा बेहद सशक्त और अनुशासित है। पार्टी हमेशा समय-समय पर उचित निर्णय लेने के लिए प्रतिबद्ध रहती है। संगठन को किसी मुद्दे पर ध्यान देने की आवश्यकता महसूस होती है तो पार्टी उसकी समीक्षा करके उचित कदम भी उठाती है। राठौड़ ने स्पष्ट किया कि संगठन में समुचित व्यवस्था बनाए रखना अत्यंत आवश्यक है। इससे संगठन एकजुट, अनुशासन और स्थिर रहने के साथ अपने उद्देश्यों की पूर्ति कर पाता है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि यह मामला पूरी तरह से संगठन परिवार का आंतरिक मुद्दा है, इसे परिवार के भीतर ही सुलझाने की प्रक्रिया जारी है। राठौड़ ने इस मामले में मीडिया ट्रायल न करने का अनुरोध करते हुए कहा कि हर राजनीतिक संगठन के भीतर कुछ मुद्दे उभरते हैं, जिन्हें संगठन के सिद्धातों और मूल्यों के आधार पर सुलझाया जाता है। भाजपा कार्यकर्ताओं का एक परिवार है। इस संगठन में भी परिवार की तरह समय-समय पर संवाद तथा मार्ग दर्शन की आवश्यकता होती है। भाजपा में यह प्रक्रिया स्वाभाविक है। भाजपा में प्रत्येक सदस्य से संवाद करना और आवश्यकता पड़ने पर समझाने की प्रक्रिया भी होती है ताकि हम सब मिलकर एक मजबूत और सशक्त संगठन का निर्माण कर सकें।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने मंत्री के समर्थकों के उग्र प्रदर्शन के सवाल पर कहा कि कहीं भी ऐसा कोई उग्र प्रदर्शन नहीं है, न ही इसकी कोई आवश्यकता है। हमारे समर्थक हमेशा संगठन के अनुशासन और मर्यादा का पालन करते है। भाजपा के समर्थक पार्टी के सच्चे हितैषी हैं और किसी भी प्रकार की अनियमितता में विश्वास नहीं रखते है, हम सब एकजुट है। हमारा और हमारी सरकार का एक मात्र उद्देश्य विकास के मुद्दों पर चर्चा तथा विचार-विमर्श करना है। भाजपा के समर्थकों का उत्साह हमारे संगठन की ऊर्जा है, यह ऊर्जा हम सभी मिलकर संगठन को मजबूत करने की दिशा में लगाएंगे। हमारा और हमारे पार्टी के समर्थकों का उद्देश्य राजस्थान और देश के विकास में योगदान देना है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि भाजपा का हर कार्यकर्ता और समर्थक राष्ट्रहित में समर्पित है। हमारा पहला कर्तव्य है कि हम अनुशासन और निष्ठा के साथ काम करें, ताकि हम प्रदेश के साथ देश की प्रगति में अपना योगदान दे सकें। पार्टी के अनुशासित और समर्पित कार्यकर्ता ही हमारी सबसे बड़ी शक्ति है और इन्हीं के बल पर हम आगे बढ़ते रहेंगे।