पेरिस ओलिंपिक में भारतीय शूटर मनु भाकर ने विमेंस 10 मीटर एयर पिस्टल इवेंट में ब्रॉन्ज मेडल जीता। ओलिंपिक के इतिहास में शूटिंग में मेडल दिलाने वाली मनु पहली भारतीय महिला हैं। उन्होंने फाइनल में 221.7 पॉइंट्स के साथ कांस्य जीता। इस इवेंट में कोरिया की ओह ये जिन ने गोल्ड जीता। उन्होंने 243.2 पॉइंट स्कोर करके ओलिंपिक रिकॉर्ड बनाया। कोरिया की ही किम येजी ने सिल्वर मेडल जीता। उन्होंने 241.3 पॉइंट बनाए।
पेरिस ओलिंपिक में भारतीय शूटर मनु भाकर ने विमेंस 10 मीटर एयर पिस्टल इवेंट में ब्रॉन्ज मेडल जीतने के बाद उन्होने कहा की मैं गीता बहुत पढ़ती हूं। इससे फोकस करने में मदद मिलती है। आज के मैच में मैंने आखिर तक टारगेट पर फोकस किया। मैं खुश हूं। भारत इससे ज्यादा डिजर्व करता है। उम्मीद है कि बाकी इवेंट में भारत और मेडल जीतेगा।
मनु भाकर ने भारत को ओलिंपिक में 12 साल बाद शूटिंग का मेडल दिलाया है। भारत को इस खेल में आखिरी ओलिंपिक मेडल 2012 में मिला था। यह शूटिंग में भारत का अब तक का 5वां मेडल है। राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने 2004 में सिल्वर, अभिनव बिंद्रा ने 2008 में गोल्ड और 2012 में विजय कुमार ने सिल्वर और गगन नारंग ने ब्रॉन्ज जीता था।
हरियाणा के झज्जर ज़िले के गोरिया गाँव में स्थित उनके घर पर जश्न का मौहल है। वही ओलंपिक पदक विजेता मनु भाकर की दादी ने कहा, "उसने बहुत अच्छा काम किया है। जब वो यहां आएंगी तो हम सब उसका स्वागत करेंगे । मनु भाकर के पिता राम किशन भाकर ने कहा, "पूरा देश खुश है, उसके दो इवेंट बचे हैं और हमें उम्मीद है कि वो और अच्छा प्रदर्शन करेगी। मनु को सरकार और फेडरेशन से काफी सहयोग मिला यह बहुत बड़ी उपलब्धि है। मनु भाकर की मां सुमेधा भाकर ने कहा, "मैं हमेशा चाहती थी कि मेरी बेटी खुश रहे। मैं हमेशा अच्छा महसूस करती रही हूं।" मनु भाकर के ताऊ बलजीत सिंह ने कहा, "ये पूरे देश के लिए गर्व की बात है कि पहली बार महिला शूटिंग में मेडल आया है। हमें आशा थी गोल्ड मेडल आएगा लेकिन ये भी एक अच्छी उपलब्धि है। ओलंपिक में तीसरे स्थान पर रहना बहुत बड़ी बात है। उसने बहुत कड़ी मेहनत की है।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सोशल मीडिया पर अपने अकांउट पर एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा "पेरिस ओलंपिक में 10 मीटर एयर पिस्टल निशानेबाजी स्पर्धा में कांस्य पदक जीतकर भारत का नाम रोशन करने वाली मनु भाकर को हार्दिक बधाई। वह निशानेबाजी प्रतियोगिता में ओलंपिक पदक जीतने वाली पहली भारतीय महिला हैं। भारत को मनु भाकर पर गर्व है। उनकी उपलब्धि कई खिलाड़ियों, विशेषकर महिलाओं को प्रेरित करेगी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया पर अपने अकांउट पर एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा "एक ऐतिहासिक पदक। पेरिस ओलंपिक में भारत के लिए पहला पदक जीतने पर मनु भाकर को बधाई! कांस्य पदक के लिए बधाई। यह सफलता और भी खास है क्योंकि वह भारत के लिए निशानेबाजी में पदक जीतने वाली पहली महिला बन गई हैं। एक अविश्वसनीय उपलब्धि।"
राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने सोशल मीडिया पर अपने अकांउट पर एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा पेरिस ओलंपिक में 10 मीटर एयर पिस्टल प्रतिस्पर्धा में कांस्य पदक जीत कर भारत का मान बढ़ाने वाली बेटी मनु भाकर को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। पूरा देश आपकी इस उपलब्धि पर गौरवान्वित महसूस कर रहा है।