साउथ सुपरस्टार विजय देवरकोंडा की फिल्म "कुशी" जल्द ही सिनेमा हॉल में आने वाली है। उनके साथ इस फिल्म में सामंथा रुथ प्रभु है। ये एक पैन इंडिया फिल्म होगी। कुशी फिल्म के प्रमोशन के दौरान विजय देवरकोंडा ने साउथ के 2 सीनियर सुपरस्टार्स को लेकर कुछ ऐसा कहा है, जो चर्चा का विषय बन गया है। उन्होंने कहा कि सुपरस्टार्स हिट और फ्लॉप फिल्मों के मोहताज नहीं होते। वे इन बातो से काफी परे हैं और उन्हें किसी को भी फ्लॉप या हिट फिल्मों से जज नहीं करना चाहिए।
विजय देवरकोंडा ने प्रमोशन के दौरान कहा कि रजनीकांत सर और चिरंजीवी सर जैसे सुपरस्टार्स को उनकी हिट और फ्लॉप फिल्मों के आधार पर जज नहीं करना चाहिए, बल्कि हमें उनका सम्मान करना चाहिए। क्योंकि उन्होंने इस इंडस्ट्री को ऐसा बनाया, जहां हम फिल्मों को एंजॉय कर सकते हैं।
चिरंजीवी सर और रजनी सर ने पूरी इंडस्ट्री बदल दी
चिरंजीवी के बारे में विजय देवरकोंडा ने कहा कि चिरंजीवी गारू की एक के बाद एक 6-7 फिल्में फ्लॉप हो सकती हैं। लेकिन अगर सही डायरेक्टर अपनी पूरी एनर्जी के साथ काम करता है, तो वह उसी चार्म के साथ वापस आएंगे, जैसे उन्होंने संक्राति में काम किया था। चिरू सर ने इंडस्ट्री बदल दी। जब वो आए थे, तब इंडस्ट्री में जिस तरह का डांस था और जिस तरह का सिनेमा होता था, उन्होंने सब कुछ बदल दिया। उन्होंने कई लोगों को इंडस्ट्री में आने के लिए इंस्पायर किया।
वहीं विजय ने कहा कि रजनी सर एक के बाद एक 6 फ्लॉप फिल्में दे सकते हैं। लेकिन इसके बाद वह जेलर जैसी फिल्म भी कर सकते हैं, जो 500 करोड़ का कारोबार करती है। हमें बस चुप होकर देखना होगा।'
विजय देवरकोंडा ने आखिर में कहा- 'जब लोग सीनियर एक्टर्स के बारे में बोलने के लिए कहते हैं, तो उन्हें दुख होता है। वो लोग महान हैं और हमें उनका सम्मान करना चाहिए। कमल सर को विक्रम के साथ और रजनी सर को जेलर के साथ वापस देखकर खुशी हो रही है। विजय के इस जवाब ने चिरंजीवी, रजनीकांत और कमल हसन के फैंस का दिल जीत लिया। वहीं फैंस विजय देवरकोंडा के इस बयान की तारीफ कर रहे हैं।